*राकेश शरण मिश्र ने जिलाधिकारी सोनभद्र को सौंपा 67वाँ जनहित प्रार्थना-पत्र*
(संक्रामक बीमारियों की रोकथाम हेतु पूरे जनपद में प्रत्येक माह मच्छररोधी दवा के नियमित छिड़काव की उठाई मांग)
सोनभद्र /सत्यनारायण मौर्य/संतेश्वर सिंह

सोनभद्र । संयुक्त अधिवक्ता महासंघ उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष राकेश शरण मिश्र ने जनपद की जनसमस्याओं के समाधान के क्रम में जिलाधिकारी सोनभद्र को अपना 67वाँ जनहित प्रार्थना-पत्र प्रेषित कर जनपद के सभी नगरों, कस्बों, वार्डों, गलियों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक माह नियमित रूप से मच्छररोधी दवा का छिड़काव कराए जाने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में जलभराव, गंदगी और जाम नालियों के कारण डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया सहित अनेक संक्रामक बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ जाता है। यदि समय रहते पूरे जनपद में नियमित रूप से मच्छररोधी दवा का छिड़काव कराया जाए तो हजारों लोगों को गंभीर एवं जानलेवा बीमारियों से बचाया जा सकता है।
श्री मिश्र ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि जनपद के अनेक नगरों, कस्बों और गांवों में नालियों की नियमित सफाई एवं कीटनाशक दवा का छिड़काव नहीं होने से मच्छरों एवं हानिकारक जीवाणुओं का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे आमजन के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से इस विषय को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों तथा संबंधित विभागों को तत्काल प्रभावी कार्रवाई के निर्देश देने का अनुरोध किया है।
उन्होंने कहा कि एक जागरूक नागरिक होने के नाते जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रशासन के समक्ष रखना अपना सामाजिक दायित्व समझते हैं। इसी क्रम में उन्होंने सोनभद्र जनपद की 80वीं अति आवश्यक जनसमस्या के रूप में इस विषय को उठाते हुए शीघ्र समाधान की अपेक्षा व्यक्त की है।
इस संबंध में प्रार्थना-पत्र की प्रतिलिपि रॉबर्ट्सगंज नगर पालिका परिषद की चेयरमैन श्रीमती रूबी प्रसाद एवं रॉबर्ट्सगंज सदर विधायक श्री भूपेश चौबे को भी प्रेषित की गई है, ताकि समन्वित प्रयासों से जनपद को संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित बनाया जा सके।
राकेश शरण मिश्र ने जिलाधिकारी से जनहित में तत्काल प्रभावी कार्रवाई कर नियमित फॉगिंग एवं मच्छररोधी दवा के छिड़काव की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।














Leave a Reply