विकास के लिए सरकार कदम से कदम मिलाकर चल रही है – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

..
मुख्यमंत्री जी ने विदिशा जिले के कुरवाई में दी 258 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
..
7 करोड़ 36 लाख की हिनौता बांध परियोजना का लोकार्पण
..
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि विकास के मामले में सरकार कदम से कदम मिलाकर चल रही है। प्रदेश की जनता का जीवन बेहतर बनाने के लिए कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। राज्य सरकार के पास पैसे की कमी नहीं है। आज बदलते दौर में भारत और भारत की ताकत को दुनिया देख रही है। यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास के हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान बना रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ यादव विदिशा जिले के कुरवाई में आयोजित हिनौता सिंचाई परियोजना अंतर्गत जाजपोन पुनर्वास कॉलोनी एवं विभिन्न निर्माण कार्यों के लोकार्पण- शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कुरवाई एवं विदिशा जिले के विकास के लिए 258 करोड रुपए की सौगात दी। उन्होंने 92 करोड़ 70 लाख रुपए की लागत के 46 विकास कार्यों का भूमि पूजन एवं 165 करोड रुपए की लागत के 34 कार्यों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही 7 करोड़ 36 लाख रुपए की हिनौता बांध परियोजना का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से चर्चा कर प्रदेश में भावांतर योजना लागू कर दी गई है। इस साल सोयाबीन की फसल की बिक्री पर 5328 रुपए प्रति क्विंटल की राशि मिलेगी। किसानों को अंतर की राशि सरकार देगी जिसका भुगतान उनके बैंक खातों में 15 दिन के अंदर कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विदिशा जिले में खराब हुई किसानों की फसलों का सर्वे कराया जाएगा। किसानों को राहत राशि, बीमा आदि का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि जो हम किसानों के लिए कहते हैं वह करके दिखाते हैं। किसानों को सिंचाई के लिए कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी। केन- बेतवा लिंक परियोजना के माध्यम से सिंचाई और उद्योगों को पानी मिलेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार लाडली बहना योजना के अंतर्गत दीपावली के बाद भाई दूज पर लाडली बहनों को 1500 रुपए की राशि देगी। राज्य सरकार बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के लिए भी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। बच्चों को स्कूटी, छात्रावास, सीएम राइज स्कूल आदि की सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। प्रदेश में सांदीपनि विद्यालय भी अच्छे बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान कृष्ण ने सुदामा से दोस्ती निभाकर गरीब -अमीर की मित्रता की शिक्षा दी थी। भगवान कृष्ण की जहां लीलाएं हुई हैं वहां प्रदेश में तीर्थ स्थल बनाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री ने हमें स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग करने का मंत्र दिया है जिसे प्रोत्साहन देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जीएसटी कम करने से कई वस्तुएं सस्ती हुई हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है। किसी घायल की जान बचाने के लिए सरकार ने 25 हजार रुपए की राशि देने का निर्णय लिया है। इलाज के लिए प्रदेश में एयरलिफ्ट की सुविधा भी प्रदान की जा रही है।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, कृषक कल्याण योजना, आंगनवाड़ी आदि के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने दीप प्रज्ज्वलित एवं कन्या पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री डॉ यादव रथ में सवार होकर भ्रमण करते हुए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। उन्होंने पुष्प वर्षा कर जनता का स्वागत किया। जनता ने भी उत्साह से उनका स्वागत किया। मंच पर जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री डॉ यादव का स्वागत किया।
कार्यक्रम में विदिशा जिले के प्रभारी मंत्री श्री लखन सिंह पटेल, सांसद श्रीमती डॉ. लता वानखेड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीता रघुवंशी, विधायक गण श्री हरि सिंह सप्रे, श्री सूर्य प्रकाश मीणा, श्री हरि सिंह रघुवंशी, श्री उमाकांत शर्मा , श्री मुकेश टंडन सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद थे।
– प्रमुख घोषणाएं –

नगर परिषद कुरवाई के विकास कार्यों के लिए 2 करोड़ की राशि दी जाएगी।
पठारी में महाविद्यालय खोला जाएगा।
कुरवाई में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का उन्नयन कर 50 बिस्तर का बनाया जाएगा।
बीना रिफाइनरी के सहायक उत्पादों के लिए औद्योगिक क्षेत्र का विकास किया जाएगा।
कुरवाई, लटेरी और नटेरन में 50-50 बिस्तर के नए छात्रावास खोले जाएंगे।
कुरवाई और विदिशा में 10 करोड़ की लागत से जनपद पंचायत भवन बनाए जाएंगे।
सिरोंज एवं अन्य स्थानों पर 6 करोड़ की लागत से हाई स्कूल भवन बनाए जाएंगे।
लटेरी और ग्यारसपुर में 87 करोड रुपए की लागत से सांदीपनि स्कूल एवं क्रिटिकल केयर अस्पताल खोले जाएंगे।
कुरवाई में बेतवा नदी पर घाट और सौंदर्यीकरण कराया जाएगा।
उदयपुर गणेश मंदिर से कुल्हार तक सड़क का निर्माण कराया जाएगा।
उदयपुर में नीलकंठेश्वर कॉरिडोर बनाने के लिए सभी आवश्यक कार्य कराये जाएंगे।
संवाददाता शिवराज सिंह


















Leave a Reply