Advertisement

कभी काला पानी के लिए जाने जाना वाला सिरोंज अब खेल प्रतियोगिताओं के लिए जाना जाएगा — उमाकांत शर्मा

कभी काला पानी के लिए जाने जाना वाला सिरोंज अब खेल प्रतियोगिताओं के लिए जाना जाएगा — उमाकांत शर्मा

69 वीं राज्य स्तरीय शालेय प्रतियोगिता के आयोजन की तैयारियों को लेकर आयोजित हुई बैठक, सांदीपनि स्कूल के मैदान पर 5 दिन होगी फुटबॉल प्रतियोगिता

सिरोंज। देवेन्द्र विश्वकर्मा सत्यार्थ न्यूज


सिरोंज में 69 वीं राज्य स्तरीय शालेय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। 19 साल से कम आयु वर्ग के बालक बालिकाओं की 8 सितंबर से 12 सितंबर तक आयोजित होने वाली इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के दस संभागों से बालक –बालिकाओं की दो पृथक पृथक टीमें मिलकर कुल बीस टीमें शामिल होंगी। विधायक उमाकांत शर्मा के प्रयासों से सिरोंज के सांदीपनि स्कूल के मैदान पर पहली बार होंने वाली राज्यस्तरीय स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता के आयोजन की तैयारियों को लेकर मंगलवार को प्रशासन के जिला एवं स्थानीय अधिकारियों, जनप्रतिनियों तथा खेल जगत से जुड़े हुए नागरिकों की सामूहिक बैठक आयोजित की गई।
संस्कार गार्डन में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रुद्रप्रताप सिंह ने कहा कि इस बार सिरोंज में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित कराने के लिए विधायक उमाकांत शर्मा ने बड़ी मेहनत की है। खेल फेडरेशन से हम सब इस प्रतियोगिता के आयोजन को मांग कर लाए हैं। अब यह केवल शिक्षा विभाग का नहीं अपितु पूरे नगरवासियों का आयोजन है ऐसे में सिरोंज के मान सम्मान के लिए यह आपका सभी का कर्तव्य है कि पहली बार सिरोंज में खेलने आ रहे खिलाड़ियों को ऐसा व्यवहार प्रदान कर ऐसा आदर्श स्थापित करें कि आने वाले वर्षों में फेडरेशन खुद सिरोंज में प्रतियोगिता करने के लिए ललायित रहे। उन्होंने पूर्व मंत्री स्व. लक्ष्मीकांत शर्मा का स्मरण करते हुए उनके प्रयासों से सिरोंज के मैदान पर होने वाली राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता के सफल आयोजन को भी याद करते हुए कहा कि उस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के लिए की जाने वाली व्यस्थाओं को खिलाड़ी आज भी याद करते हैं।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक उमाकांत शर्मा ने कहा कि खेलने वाले खिलाड़ी में स्वस्थ मन मस्तिष्क वास करता है। खेल खेलने के दौरान ही योग प्राणायाम भी होता हे जो बच्चों को मजबूती प्रदान करता है। बचपन से मिट्टी में खेलने वालों की रोगप्रतिरोधक क्षमता भी अधिक होती है। हमारे शहर में पहली बार प्रदेश के संभागों से बच्चे खेलने आ रहे है। उनकी टीम यहां से सुखद अनुभव लेकर लौटे इसके लिए हमें सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। 1936 में बने सांदीपनि स्कूल के मैदान से पहले भी अनेकों प्रतिभाओं ने दक्षता प्राप्त करके संभाग,राज्य में सिरोंज का नाम रोशन किया है खेलो सिरोंज का स्लोगन देते हुए उन्होंने कहा कि हमारे पास सांदीपनि स्कूल तथा एलबीएस कॉलेज तथा स्टेडियम के बड़े खेल मैदान उपलब्ध है। आने वाले 2 साल में हमने ठीक से मेहनत कर ली तो चार सुविधायुक्त मैदान हम राज्य को अच्छी प्रतियोगिताओं के लिए दे सकते हैं । उन्होंने उपस्थित सभी आयोजक समिति के सदस्यों से कहा कि प्रतियोगिता के आयोजन में कोई कोर कसर नहीं रहना चाहिए। इस आयोजन को शहर में खेलों के उत्सव के रूप में पहचान स्थापित होनी चाहिए। पहले सिरोंज को काला पानी के नाम से जाना जाता था लेकिन अब हम चार खेल मैदान विकसित कर रहे हैं जिससे आने वाले समय मे सिरोंज को खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए भी जाना जाएगा।
जिला पंचायत के सीईओ ओपी सनोठिया ने कहा कि राज्य के संभागों से जो भी खिलाड़ी आने वाले हैं वह सकारात्मक छवि इस शहर से लेकर जाएं। उनके ठहरने,आवागमन,नाश्ता तथा भोजन इत्यादि की व्यवस्थाएं उच्च स्तर की बने। मैदान की कमियां भी समय पर दूर हो। हमें प्रतियोगिता को राज्य स्तर का स्वरूप प्रदान करना है। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी एसपी जाटव,नपा सीएमओ रामप्रकाश साहू,खेल शिक्षक शान मियां,जमशेद मिया ने भी प्रतियोगिता को बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव देकर व्यवस्थाओं में पूर्ण सहयोग करने की बात कही। इसके पूर्व विधायक शर्मा ने अपनी ओर से मंचासीन सभी अतिथियों का केसरिया शाल एवं उत्तरीय उड़ाकर सम्मान भी किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से नपाध्यक्ष मनमोहन साहू, जनपद में विधायक प्रतिनिधि हमीर सिंह यादव, जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी प्रदीप रावत, जिला कीड़ा अधिकारी संतोष चतुर्वेदी, बीओ उमेश सोनी,सांदीपनि स्कूल के प्राचार्य महेश ताम्रकार सहित जनप्रतिनिधिगण एवं खेल जगत से जुड़े हुए गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
मुख्य बाजार में निकलेगा खिलाड़ियों का मार्च पास्ट
8 सितंबर से प्रारंभ होने वाली पांच दिवसीय राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता के पहले दिन सभी संभागों से बालक एवं बालिकाओं की आने वाली 20 टीमों का मार्च पास्ट निकाला जाएगा। स्थानीय बस स्टैंड से प्रारंभ होकर सांदीपनि स्कूल के खेल मैदान तक निकलने वाले इस मार्च पास्ट में खिलाड़ियों का स्वागत द्वारा लगाकर एवं पुष्पवर्षा कर स्वागत करने की अपील करते हुए विधायक उमाकांत शर्मा ने कहा कि इन्हीं खिलाड़ियों में से कोई आगे चलकर राष्ट्रीय स्तर के नेतृत्व करने वाले के रूप में उभरेंगे और देश का नाम रोशन करेंगे इसके उत्साहवर्धन तथा प्रतियोगिता के लिए पूरा सिरोंज मेजबानी करे ऐसा हमारा आग्रह है। उन्होंने नगर के व्यापारियों,सामाजिक संगठनों,संस्थाओं से भव्य स्वागत करने की अपील भी की।
खेलो इंडिया में खेलने वाले इमरान अली का किया सम्मान
बैठक के दौरान विधायक शर्मा ने विगत वर्ष खेलो को बढ़ावा देने के लिए मोदी सरकार द्वारा शुरू की गई खेलों इंडिया के अंतर्गत डिस्क थ्रो में मेडल जीतने वाले इमरान अली का भी सम्मान किया। इस दौरान इमरान ने कहा कि मेरा पूरा परिवार खेल को महत्व देता है। परिवार के अनेक सदस्य विभिन्न खेल के खिलाड़ी रहे हैं पारिवारिक पृष्ठभूमि देखकर मेरा लक्ष्य था कि में ओलंपिक में जाऊ। मुझे प्रयास करते हुए 15 साल हो गए लेकिन अभी मुझे उस मुकाम तक पहुंचने में थोड़ा वक्त ओर लगेगा मेरे प्रयास ओर तैयारी निरंतर जारी है। में अभी तक 15 नेशनल मैडल जीत चुका हूं। विधायक जी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में भरपूर सहयोग करते हैं।
प्रतियोगिता के खेल मैदान का किया निरीक्षण
बैठक के पूर्व विधायक उमाकांत शर्मा एवं जिला ओलंपिक संघ अध्यक्ष रुद्रप्रताप सिंह ने अधिकारियों के साथ आयोजित होने वाली प्रतियोगिता के खेल मैदान का निरीक्षण किया। सांदीपनि स्कूल के इस प्राचीन मैदान को लेकर चिन्हित की गई कमियों को स्थानीय प्रशासन को शीघ्र दुरुस्त कर खिलाड़ियों को फुटबॉल खेलने के योग्य बनाने के निर्देश भी प्रदान किए। इसके अलावा उन्होंने टीमों के विश्राम,तथा रात्रि रुकने के चिन्हित स्थानों की समुचित व्यवस्थाओं पर भी बातचीत की।

लोकेशन सिरोंज जिला विदिशा
रिपोर्टर देवेन्द्र विश्वकर्मा

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!