Advertisement

पढ़े क्षेत्र व आस-पास की खबरें एक साथ

सत्यार्थ न्यूज श्रीडूंगरगढ़-सवांददाता मीडिया प्रभारी

1.प्रेमिका की हत्या के बाद प्रेमी फंदे से लटका

हनुमानगढ़ में प्रेमी ने अपनी प्रेग्नेंट प्रेमिका की गला दबाकर हत्या कर दी। उसके बाद प्रेमी ने खुद भी फंदे से लटककर सुसाइड कर लिया। मामला संगरिया थाना इलाके के ढाबां गांव का है। संगरिया पुलिस के अनुसार राजू सिंह (50) अपने घर में सुमन (25) के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। सुबह 8 बजे तक दोनों जब घर से बाहर नहीं निकले तो पड़ोसी ने उसके घर पर जाकर देखा। जहां फर्श पर सुमन का शव नग्न अवस्था में पड़ा था और राजू सिंह फंदे से लटका पड़ा था। पुलिस के अनुसार, राजू सिंह की 15 साल पहले शादी हुई थी। बाद में पत्नी से मनमुटाव होने के बाद तलाक दे दिया था। राजू सिंह का पहली पत्नी से एक लड़का है, जो पत्नी से तलाक के बाद से ननिहाल में ही रहता था। वहीं, सुमन की 10 साल पहले भगतपुरा निवासी कर्मजीत सिंह से शादी हुई थी। उसके दो लड़के भी हैं। उसके बाद सुमन अपने पति का साथ छोड़कर राजू सिंह के पास रहने के लिए आ गई। सुमन गर्भवती भी थी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (एफएसएल) और मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने दोनों के शवों को संगरिया अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवाया है। मामले की जांच जारी है।

2.बॉर्डर से बीएसएफ ने पकड़ा पाकिस्तानी रेंजर, पूछताछ जारी

भारत-पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ ने पाकिस्तानी रेंजर को पकड़ा है। न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार शनिवार को बीएसएफ ने भारतीय सीमा से पाक रेंजर को हिरासत में लिया है। वहीं अब पाक रेंजर से बीएसएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूछताछ करेगी। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ा हुआ है। मृतकों में अधिकतर पर्यटक थे। बीएसएफ के जवान पूर्णम कुमार शॉ को 23 अप्रैल को पंजाब में इसी अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास पाकिस्तानी रेंजरों ने पकड़ा था और बीएसएफ के कड़ा विरोध दर्ज कराने के बावजूद वे उन्हें वापस करने से इनकार कर रहे हैं।

3.शराब के लिए नहीं दिए रुपए तो बाइक व दुकान में लगा दी आग

नोखा के दावां गांव में एक दुकानदार से शराब के लिए रुपए मांगने और नहीं देने पर उसकी बाइक व दुकान में आग लगाने का मामला शनिवार को दर्ज कराया गया। पुलिस के मुताबिक दावां निवासी डालाराम पुत्र भंवराराम नायक ने दी रिपोर्ट में बताया कि उसकी दुकान पर गांव का अशोक पुत्र शक्तिराम नायक शराब पीकर आया और उससे शराब पीने के लिए रुपए मांगे। उसने मना किया, तो उसे रात्रि को देख लेने और जिंदा जलाने की धमकी दी। बाद में आरोपी दिनभर गांव में तलवार लेकर घूमता रहा। रात्रि को वह अपनी दुकान मंगल कर घर चला गया। तभी अशोक शराब पीकर हाथ में पेट्रोल की बोतल लेकर आया। उसकी दुकान के गेट पर और बाइक में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की लपटे उठती देखकर आरोपी वहां से भाग गया। उसने शोर मचाया, तो ग्रामीण भागकर आए और पानी डालकर आग को बुझाया। आग से उसकी बाइक और दुकान का करीब 40 हजार का सामान जल गया। रिपोर्ट में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई।

4.अस्पताल में हुआ विवाद और घर में घुसकर की मारपीट

बीकानेर। नोखा थाना क्षेत्र के रासीसर गांव के एक अस्पताल में हुए विवाद के बाद तीन युवकों ने एक घर में घुसकर युवक के साथ मारपीट की। रासीसर पुरोहितान बास के हरिराम विश्नोई ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह एक मई को सुबह करीब 11 बजे गांव के अस्पताल में दिखाने गया था। जब वह डॉक्टर को बीपी चैक कराकर वहां बैठ गया। इतने में अस्पताल के बरामदे में संदीप सिंगड, प्रिंस मंडा निवासी रासीसर मोबाइल से गेम खेल रहे थे। उसी दौरान एक कंपाउडर उन्हें अस्पताल में गेम खेलने से मना किया तो उन्होंने उसकी बात नहीं मानी और वे कैमरे के अंदर आकर उसे गालियां निकाली कि तुमने उन्हें कहकर मना किया है। फिर इन लोगों ने उसको को जान से मारने की धमकी दी और मारपीट करने पर उतारू हो गए। उसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। फिर वह घर चला गया। 2 मई को उसका पौता संतोष मोटरसाइकिल लेकर खेत जा रहा था उसी दौरान संदीप सिंगड़, प्रिंस मंडा, संजय मंडा निवासी रासीसर ने पानी की टंकी के पास गली में उसके पौत्र संतोष को रोक लिया और थाप-मुक्की से मारपीट की। वह भागकर उसका निर्माणाधीन मकान के अंदर चले गए, पीछे-पीदे उक्त तीनों भी अंदर घुस गए और उसके पुत्र जगदीश व पौत्र के साथ थाप-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

5.घर में घुसकर मारपीट व तोडफ़ोड़ की, नकदी व आभूषण लूट ले जाने का आरोप

बीकानेर। घर में घुसकर मारपीट करना, गाडिय़ों में तोडफ़ोड़ करना व नकदी व जेवरात लूट ले जाने का मामला नोखा पुलिस थाने में दर्ज हुआ है। पुलिस के अनुसार यह मामला बंधड़ा निवासी भागीरथ पुत्र गोरखाराम जाट ने सिंजगुरू निवासी हंसराज पुत्र राजूराम पिलाणिया, कालूराम (मुकेश) पुत्र राजूराम पिलाणिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। परिवादी ने रिपोर्ट में बताया कि आरोपियों ने उससे पैसे मांगे, नहीं देने पर उसके घर में घुसकर मारपीट की। उसकी कैंपर गाड़ी में तोडफ़ोड़ की तथा घर में रखे आभूषण तथा नकदी लूट कर ले गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

6.ताले तोड़ सात लाख 80 हजार रुपए किए चोरी

बीकानेर। एक घर से सात लाख 80 हजार रुपए चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना गंगाशहर थाना क्षेत्र के कायम नगर की है। जहां 24 अप्रैल व 25 अप्रैल की रात को अज्ञात व्यक्ति ने घर के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर से सात लाख 80 हजार रुपए नकदी चोरी कर ले गया। इस संबंध में युसुफ अली पुत्र नूरेखां ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। प्रार्थी ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने उसके घर के ताले तोड़कर सात लाख 80 हजार रुपए चोरी कर ले गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

7.अज्ञात चोर चोरी कर ले गए ट्रक

बीकानेर। जामसर थाना क्षेत्र के खारा से ट्रक टेलर चोरी हो गया। इस संबंध में पारवा हाल गंगाशहर निवासी सुभाष ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। चोरी की यह घटना 26 अप्रैल की है। परिवादी ने बताया कि उसके ट्रक ट्रेलर को अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

8.पहले बोलेरो गाड़ी से बाइक को टक्कर मारी, फिर लाठी-डंडों से की मारपीट

बीकानेर। बोलेरो गाड़ी से बाइक को टक्कर मारना और लाठी-डंडों से मारपीट करने का मामला देशनोक पुलिस थाने में दर्ज हुआ है। यह मामला सेवा हाल चौधरी कॉलोनी गंगाशहर निवासी सुरेन्द्र सिंह व जसनाथ चौक चौधरी कॉलोनी निवासी राहुल स्वामी ने दर्ज कराया है। जिसमें सूरपूरा निवासी बेगाराम पुत्र रामलाल, नत्थूराम पुत्र रामलाल, संग्राम सोखल, चौधरी कॉलोनी गंगाशहर निवासी मालाराम को नामजद किया है। परिवादी का आरोप है कि आरोपियों ने बोलेरो कैंपर से उसकी बाइक को टक्कर मारी तथा जान से मारने की नियत से लाठी व डंडों से मारपीट की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी

9.आकाशीय बिजली का कहर: खेत से लौट रहे युवक की मौत, बछड़ा भी चपेट में आया

बज्जू क्षेत्र के गोडू़ गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब युवक खेत से लौट रहा था। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक बछड़े की भी जान चली गई। जानकारी के अनुसार, गोडू़ के चक 6 जीएमआर निवासी राजाराम गोदारा पुत्र नेनूराम खेत में काम कर घर लौट रहा था। तभी अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान रास्ते में उस पर आकाशीय बिजली गिर गई। वह अचेत होकर गिर पड़ा। परिजन उसे तुरंत बज्जू उप जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। हादसे में खेत के पास मौजूद एक बछड़ा भी बिजली की चपेट में आकर मारा गया। प्राकृतिक कहर से गांव में मातम पसरा हुआ है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!