अस्पताल में घुसकर मारपीट से मचा हड़कंप, अधीक्षक घायल, सरकारी रजिस्टर फाड़ा
– दो पक्षों के जमीनी विवाद ने लिया हिंसक रूप, सीएचसी मधुपुर में मरीजों।और स्वास्थ्यकर्मियों में दहशत
सोनभद्र /सत्यनारायण मौर्य/संतेश्वर सिंह

।सोनभद्र रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भाटोलिया पोस्ट तेंदू में जमीनी विवाद के बाद शुक्रवार को मधुपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब इलाज के लिए पहुंचे एक पक्ष के पीछे-पीछे दूसरे पक्ष के करीब 20 लोग अस्पताल पहुंच गए और परिसर में जमकर हंगामा व मारपीट कर दी। घटना से अस्पताल में भगदड़ जैसे हालात बन गए और मरीजों, तीमारदारों तथा स्वास्थ्यकर्मियों में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह भाटोलिया गांव में दो पक्षों के बीच जमीनी विवाद को लेकर मारपीट हुई थी। सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया तथा घायल तीन लोगों को उपचार के लिए सीएचसी मधुपुर भेजा। कुछ देर बाद दूसरा पक्ष भी बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गया और वहां विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि इस दौरान अस्पताल में भर्ती घायल व्यक्तियों के साथ मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पहुंचे डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों से भी अभद्रता व मारपीट की गई।
सीएचसी अधीक्षक घायल, सरकारी अभिलेखों को भी नुकसान
हंगामे के दौरान सीएचसी अधीक्षक डॉ. अखिलेश के हाथ में चोट लग गई। आरोप है कि उपद्रवियों ने अस्पताल के दो महत्वपूर्ण सरकारी रजिस्टर भी फाड़ दिए, जिससे सरकारी अभिलेखों को नुकसान पहुंचा। घटना के कारण कुछ समय के लिए अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित रहीं।
सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची, कई लोग हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा और क्षेत्राधिकारी नगर सक्रिय हो गए। रॉबर्ट्सगंज थाना प्रभारी रामस्वरूप वर्मा तथा सुकृत चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है तथा मामले की जांच की जा रही है।
डॉ. अखिलेश ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अखिलेश ने बताया कि कुछ लोगों ने बिना किसी कारण अस्पताल में घुसकर स्वास्थ्यकर्मियों के साथ मारपीट की। उन्होंने कहा कि जब कर्मचारी बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ भी हाथापाई की गई। मामले में पुलिस को तहरीर देकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।
सरकारी अस्पताल में उपद्रव बर्दाश्त नहीं होगा: एसपी
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी अस्पताल में कानून व्यवस्था बिगाड़ने और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वहीं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों में घटना को लेकर आक्रोश है और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की जा रही है।













Leave a Reply