संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान का शुभारंभ, डीएम ने घर-घर जाकर किया जागरूक
सोनभद्र /सत्यनारायण मौर्य/संतेश्वर सिंह

सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बुधवार को बभनौली कला गांव पहुंचकर जनपद में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने गांव की गलियों में पैदल भ्रमण कर घर-घर जाकर ग्रामीणों को संचारी रोगों से बचाव के उपाय बताए और स्वच्छता अपनाने का संदेश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए साफ-सफाई सबसे प्रभावी उपाय है। प्रत्येक परिवार अपने घर एवं आसपास स्वच्छता बनाए रखे तथा शुद्ध एवं सुरक्षित भोजन व पेयजल का उपयोग करे, ताकि बीमारियों से बचाव सुनिश्चित हो सके। भ्रमण के दौरान उन्होंने गांव की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। ग्रामीणों से संवाद करते हुए उन्होंने संचारी रोगों के लक्षण, बचाव के उपाय और स्वच्छ वातावरण के महत्व की जानकारी दी। जिलाधिकारी को अपने बीच पाकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने उनकी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पहली बार किसी जिलाधिकारी को गांव की गलियों में पैदल घूमकर लोगों को स्वयं जागरूक करते देखा है। जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को गांव में नियमित साफ-सफाई, नालियों की सफाई तथा सड़कों की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही जनपद के ऐसे 40 से 50 गांव, जहां संचारी रोग फैलने की अधिक संभावना है, उन्हें चिन्हित कर विशेष स्वच्छता अभियान, जनजागरूकता कार्यक्रम एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां संचालित करने के निर्देश भी दिए। अभियान के तहत जनपद के विद्यालयों में भी विद्यार्थियों को संचारी रोगों की रोकथाम एवं स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वागीश कुमार शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश कुमार मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, एएनएम तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।














Leave a Reply