
Oplus_16908288
होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट
रिपोर्टर:-आलम खान
बलिया में उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिले में कुल 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 38 हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगी।
परीक्षा की सुचारु व्यवस्था के लिए 260 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बिना पहचान पत्र के किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और बायोमेट्रिक प्रणाली अनिवार्य रूप से लागू की गई है।
इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं को समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट को परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
परीक्षा से संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जिसके लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और परीक्षा को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाएगा।













Leave a Reply