Advertisement

बाढ़ आपदा से निपटने के लिए सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण करें – कलेक्टर प्रीति यादव

बाढ़ आपदा से निपटने के लिए सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण करें – कलेक्टर प्रीति यादव

जिला आगर मालवा मध्य प्रदेश
रिपोर्टर मोहम्मद आलम खान

आगर-मालवा, 8 जून। आगामी वर्षाकाल को देखते हुए जिले में बाढ़, अतिवृष्टि, आकाशीय बिजली एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव ने सभी विभागों को आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला आपदा प्रबंधन बैठक में कलेक्टर ने कहा कि आपदा की स्थिति में त्वरित एवं समन्वित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जाएं।

कलेक्टर ने जिला मुख्यालय पर बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित करने, संवेदनशील क्षेत्रों में राहत केंद्रों का पूर्व चिन्हांकन करने तथा आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। होमगार्ड विभाग को प्रशिक्षित गोताखोरों की सूची तैयार करने एवं बचाव उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को सभी अस्पतालों में जीवनरक्षक दवाइयों एवं सर्पदंश उपचार हेतु एंटी वेनम की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। खाद्य विभाग को संभावित रूप से कटने वाले दूरस्थ गांवों में अग्रिम राशन भंडारण सुनिश्चित करने को कहा गया।

कलेक्टर ने पुल-पुलियाओं एवं रपटों पर चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाने, जलभराव की स्थिति में बैरिकेडिंग करने तथा आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रखने के निर्देश दिए। स्कूल शिक्षा विभाग को भी जलमग्न मार्गों से स्कूल वाहनों का संचालन नहीं होने देने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

नगरीय निकायों को नालों-नालियों की सफाई शीघ्र पूर्ण करने, जलभराव वाले क्षेत्रों की पहचान कर समुचित जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा जर्जर भवनों का सर्वे कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं आकाशीय बिजली से बचाव के लिए नागरिकों को ‘दामिनी’ मोबाइल एप के उपयोग हेतु जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ बी.एस. सोलंकी, अपर कलेक्टर आर.पी. वर्मा, एसडीएम आगर मिलिंद ढोके, एसडीएम सुसनेर किरण बरबड़े सहित समस्त जिला अधिकारी, जनपद सीईओ एवं तहसीलदार उपस्थित रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!