Advertisement

एनडीपीएस मामले में बंद कैदी की जेल में संदिग्ध मौत, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप

एनडीपीएस मामले में बंद कैदी की जेल में संदिग्ध मौत, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप
दुद्धी/सोनभद्र। रिपोर्ट: नितेश कुमार
एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर जेल भेजे गए कैदी राधे श्याम (पुत्र ओमप्रकाश) की गुरुवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना गुरुवार सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है। कैदी की तबीयत बिगड़ने पर जेल प्रशासन द्वारा उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी।
जानकारी के अनुसार, मृतक राधे श्याम एचआईवी पॉजिटिव था और लंबे समय से बीमार चल रहा था। वहीं परिजनों ने जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि एक दिन पूर्व ही उनकी राधे श्याम से मुलाकात हुई थी, उस समय वह पूरी तरह स्वस्थ था और उसके शरीर पर किसी प्रकार की कोई खरोंच या चोट नहीं थी। यदि उसे कोई परेशानी होती, तो वह परिजनों को अवश्य बताता।
परिजनों का आरोप है कि रात के समय राधे श्याम के साथ मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई और बाद में मामले को दबाने के उद्देश्य से उसे इलाज के बहाने अस्पताल ले जाया गया। परिजनों ने यह भी दावा किया कि राधे श्याम के नाक और मुंह से खून निकल रहा था। उन्हें सुबह करीब 7 बजे मौत की सूचना दी गई।
मामले में जेल में बंद एक अन्य कैदी ने कथित तौर पर यह आरोप लगाया है कि जेलर द्वारा प्रताड़ित किए जाने के कारण राधे श्याम की मौत हुई। इस बयान के बाद मामला और गंभीर हो गया है।
परिजनों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!