Advertisement

सोनभद्र में बड़ा सड़क हादसा: स्टेयरिंग फेल होने से यात्री बस खाई में गिरी, दर्जनों घायल

दुद्धी सोनभद्र रिपोर्ट नितेश कुमार 
 सोनभद्र। जनपद सोनभद्र में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जहाँ एक यात्री बस का स्टेयरिंग फेल हो जाने से वह अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में बस में सवार दर्जनों यात्री घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह घटना कोन थाना क्षेत्र के खेमपुर गांव के पास की है। जानकारी के अनुसार तेलगुड़वा से कोन की ओर जा रही यात्री बस में लगभग 40 यात्री सवार थे। अचानक स्टेयरिंग फेल होने के कारण चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सीधे खाई में जा गिरी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुँचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। कुछ ही देर में एम्बुलेंस तथा पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुँच गई।
सभी घायलों को तत्काल कोन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गंभीर रूप से घायल यात्रियों में एक यात्री को सिर में गहरी चोट लगी है।
कोन के चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि डाल्टेनगंज निवासी 65 वर्षीय मखत्रचू को सिर में गंभीर चोट लगने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
वहीं पुलिस ने मौके पर पहुँचकर राहत कार्य शुरू किया और क्षतिग्रस्त बस को हटवाकर यातायात को सुचारु कराया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!